लखनऊ।सनातन धर्म में मौनी अमावस्या के पर्व का बहुत ही महत्व है।हर साल माघ माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि को मौनी अमावस्या का पर्व मनाया जाता है। मौनी अमावस्या के दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा समेत पवित्र नदियों में आस्था की डुबकी लगाते हैं।आज मौनी अमावस्या पर सुबह से ही लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।आध्यात्मिक नगरी काशी,राम नगरी अयोध्या से लेकर गाजीपुर और फर्रुखाबाद तक मौनी अमावस्या पर लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है।
मौनी अमावस्या पर राम नगरी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
राम नगरी अयोध्या में मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है।सुबह 4 बजे से ही लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर जय श्रीराम के उद्घोष के साथ सरयू में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं और दान पुण्य कर रहे हैं।धार्मिक मान्यता के मुताबिक मौनी अमावस्या पर पूजन स्नान का विशेष महत्व है।कहा जाता है इस दिन दान पुण्य करने से कई गुना फल की प्राप्ति होती है और पितृ दोष से मुक्ति मिलती है।श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचने का सिलसिला अभी जारी है।
काशी में भी श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
आध्यात्मिक नगरी काशी में मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा है।मौनी अमावस्या पर काशी पहुंचे श्रद्धालु गंगा में पुण्य की डुबकी लगाकर बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेक रहे हैं।बाबा विश्वनाथ धाम जाने के लिए तीन किलोमीटर लंबी लाइन में लगे श्रद्धालु हर हर महादेव के जय उदघोष के साथ लगभग तीन से चार घंटे में बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंच रहे हैं।दूरदराज से आए श्रद्धालुओं की श्रद्धा और भक्ति कुछ ऐसी है कि लंबी लाइन में लगने के बाद भी उनके उत्साह में कोई कमी नहीं है।
फर्रुखाबाद में भी आस्था की डुबकी लगाने के लिए उमड़े श्रद्धालु
फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर गंगा में आस्था की डुबकी लगाने लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा है।मौनी अमावस्या पर लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।पुलिस ने पूरे शहर का यातायात डायवर्जन किया है।गंगा में भी सुरक्षा के चलते पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। श्रध्दालुओं के आने का सिलसिला अभी जारी है।
गाजीपुर में 10 हजार से अधिक श्रध्दालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
मौनी अमावस्या पर गाजीपुर के दादरी गंगा घाट समेत अन्य गंगा घाटों पर लगभग 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।अभी भी श्रद्धालुओं का गंगा में आस्था की डुबकी लगाने का सिलसिला जारी है।गंगा स्नान को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिहाज से गंगा में नाव से बैरिकेडिंग की गई है और नाव पर गोताखोरों की भी तैनाती की गई है।
