लौकही प्रखंड में पैक्स चुनाव परिणाम घोषित, अधिकांश जगह पुराने उम्मीदवारों की वापसी

उत्तर प्रदेश राज्य

लौकही! प्रखंड मुख्यालय स्थित टीपीसी भवन में गुरुवार को पैक्स अध्यक्ष पद के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के दौरान पूरे परिसर में पुलिस बल की व्यापक तैनाती रही, जिससे कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्राप्त आधिकारिक परिणामों के अनुसार, जिरोगा पंचायत से रेखा देवी ने 297 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी तापेश्वर सिंह को महज 7 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं, बरुआर पंचायत में उषा देवी ने 602 मत हासिल कर अजीत झा (300 मत) को बड़े अंतर से शिकस्त दी। मंसापुर पंचायत में रामलाल साह 456 मतों के साथ विजयी घोषित किए गए। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी राधेश्याम पाठक को 377 मत प्राप्त हुए, जबकि अमर कुमार 84 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इसी पंचायत के अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ से गोविंद कुमार ने 493 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि चंदन साह को 268 मतों से संतोष करना पड़ा। लदनियां पंचायत से जीवछी देवी ने 544 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। जबकि उनके प्रतिद्वंदी अंजु देवी को 457 मत मिले। इस चुनाव में कई पंचायतों में निवर्तमान प्रतिनिधियों ने अपनी जीत बरकरार रखते हुए एक बार फिर जनता का विश्वास हासिल किया। मतगणना प्रक्रिया प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं थानाध्यक्ष गौरव कुमार की निगरानी में पारदर्शी ढंग से पूरी की गई। मतगणना के दौरान प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया, जो अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए। मतगणना पूर्ण होने के उपरांत सभी विजयी उम्मीदवारों को निर्वाची पदाधिकारी द्वारा विधिवत प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में हर्ष का माहौल व्याप्त हो गया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *