आगरा:-राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा का परिणाम जारी हो गया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरतौनी बिचपुरी के छात्र हिमांशु ने 134 अंक प्राप्त कर मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 129 अंकों के साथ कंपोजिट विद्यालय खानपुर, खेरागढ़ के रितिक जिले में द्वितीय स्थान पर रहे। खेरागढ़ के कंपोजिट विद्यालय खानपुर के आदित्य 128 अंक के साथ जिले में तृतीय स्थान पर रहे।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में डायट के नोडल प्रवक्ता डा. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि 10 नवंबर को आयोजित परीक्षा हेतु आगरा में 2735 छात्र छात्राओं ने आवेदन किया था जिसमें जिले से 2270 ने परीक्षा दी थी। परीक्षा में चयनित सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नौंवीं से 12वीं कक्षा तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। बच्चों की इस सफलता पर बधाई देते हुए उप शिक्षा निदेशक प्राचार्य डायट पुष्पा कुमारी ने कहा कि छात्र छात्राओं का चयन उनकी मेहनत व जनपद के शिक्षकों द्वारा किए गए प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गोंड ने इस सफलता पर सभी को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
परीक्षा में खेरागढ़ के कंपोजिट विद्यालय खानपुर और अकोला के कंपोजिट विद्यालय बल्हैरा के 10-10 विद्यार्थी चयनित हुए हैं। खदौली के पूर्व माध्यमिक विद्यालय भागूपुर के आठ, खेरागढ़ के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कागारोल-प्रथम, फतेहपुर सीकरी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय दाऊदपुर और अकोला के पूर्व माध्यमिक विद्यालय धनौली के छह-छह, अकोला के पूर्व माध्यमिक विद्यालय खेड़िया और पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरतौनी बिचपुरी, खंदौली के कंपोजिट विद्यालय बांस सोना से पांच-पांच, फतेहाबाद के कंपोजिट विद्यालय भलोखरा, विद्यालय बीसलपुर खेरागढ, पूर्व माध्यमिक विद्यालय विश्रामपुर खेरागढ, पूर्व माध्यमिक विद्यालय मानिकपुरा, पिनाहट, पूर्व माध्यमिक विद्यालय दिगनेर बरौली अहीर, फतेहपुर सीकरी पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवनारी व कम्पोजिट विद्यालय सहनपुर के चार-चार, पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुकण्डई खेरागढ, कंपोजिट विद्यालय नगला दूल्हे खां खेरागढ, पूर्व माध्यमिक विद्यालय करबल जगनेर, कंपोजिट विद्यालय धौरऊ खंदौली, कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय किरावली अछनेरा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय अरुआ खास अछनेरा, कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय गढ़ी हरलाल बरौली अहीर, कंपोजिट विद्यालय बाद बरौली अहीर और पूर्व माध्यमिक विद्यालय बरौली अहीर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय मोहम्मदपुर व पूर्व माध्यमिक विद्यालय जखौदा बिचपुरी, शिव प्रसाद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज अछनेेरा से तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन परीक्षा में हुआ है।
डायट प्रवक्ता डा मनोज कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि उक्त सफलता जनपद स्तरीय अधिकारियों के मार्गदर्शन, खण्ड शिक्षा अधिकारियों, डायट मेंटर्स, एसआरजी, एआरपी व जनपद के शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।