नोएडा, 10 मार्च। सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित मेरठ मंडल स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में सौहरखा कुश्ती अखाड़े के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीतकर गौतमबुद्ध नगर का नाम रोशन किया।
अखाड़े के पहलवान लक्की यादव (65 किग्रा), लविश यादव (75 किग्रा) और कृष्ण शर्मा (57 किग्रा) ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर गोल्डन हैट्रिक पूरी की।
इस उपलब्धि से क्षेत्र के सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह के खेल प्रोत्साहन अभियान को भी नई मजबूती मिली है। खिलाड़ियों की इस सफलता पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
तीनों पहलवान अब 18, 19 और 20 मार्च को विद्या विश्वविद्यालय, बागपत रोड, मेरठ में आयोजित राज्यस्तरीय सांसद खेल महोत्सव में भाग लेकर उत्तर प्रदेश के अन्य मंडलों के विजेता खिलाड़ियों से मुकाबला करेंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश चौहान, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, जिला महामंत्री चन्दगीराम यादव, मंडल अध्यक्ष रामकिशन यादव, जिला युवा कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली, धर्मेन्द्र चौहान, रामनिवास यादव, लोकेश यादव, महेश अवाना, नोवरा अध्यक्ष डॉ. रंजन तोमर तथा सौहरखा कुश्ती अखाड़ा संचालक व कोच इन्द्रजीत पहलवान ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
