नोएडा। जनपद के सरकारी स्कूलों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आयोजित जनपद स्तरीय ‘स्पेल बी’ प्रतियोगिता में सौहरखा गांव की होनहार छात्रा प्रिंसी यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर गांव और विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में हिंदी श्रुतिलेख और अंग्रेजी ‘कम्प्लीट द स्पेलिंग’ जैसी कठिन स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिसमें विभिन्न ब्लॉकों से चयनित 14 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कड़े मुकाबले के बीच प्राथमिक विद्यालय सौहरखा की कक्षा 5 की छात्रा प्रिंसी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। प्रिंसी की इस उपलब्धि से पूरे गांव और विद्यालय में खुशी की लहर है।
सोमवार को जनहित संघर्ष समिति की टीम विद्यालय पहुंची और बिटिया प्रिंसी यादव को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। साथ ही विद्यालय की प्रधानाचार्या पुष्पा पंत और समस्त शिक्षिकाओं को भी गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।
समिति के प्रवक्ता रवि यादव ने कहा कि प्रधानाचार्या पुष्पा पंत और उनके स्टाफ के मार्गदर्शन के कारण ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं आज जिला स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं।
इस अवसर पर लखन यादव (प्रदेश सचिव, समाजवादी लोहिया वाहिनी उत्तर प्रदेश), इन्द्रजित पहलवान (NIS कोच), एडवोकेट लोकेश शर्मा, किसान नेता जतन पहलवान और एडवोकेट बबलू शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
