हर हर महादेव के उद्घोषों से गूंजा गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी का श्री शिव बालाजी धाम मन्दिर, भक्तों ने किया भगवान शिव का रूद्राभिषेक

उत्तर प्रदेश राज्य

-ठंडाई और खीर का प्रसाद किया गया वितरित

गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी के श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष में मनाई जाने वाली महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवभक्तों का जमावड़ा लगा रहा। बम-बम भोले और हर हर महादेव के उद्घोषों से शिवालय गूंजता रहा। महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भगवान आशुतोष का सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। तड़के से ही मन्दिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। मन्दिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा। भोले के भक्तों ने शिवलिंग पर पंचामृत, गंगाजल, सफेद फूल, बेलपत्र, आखा फूल, कमल गंट्टा आदि से पूजन किया।
मन्दिर के पुजारी पंडित राजीव मिश्रा ने बताया कि महाशिवरात्रि का पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह, शिवलिंग के रूप में शिव के प्राकट्य दिवस और आदियोगी के ध्यान में स्थिर होने के रूप में मनाया जाता है। इस रात की गई साधना, उपवास और जागरण से आध्यात्मिक ऊर्जा में वृद्धि, कष्टों से मुक्ति और शिव-शक्ति का आशीर्वाद प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि मन्दिर के बाहर ही पूजन सामग्री मिलने का प्रबन्ध किया गया था जिससे भक्तों को आसानी रही। शिवभक्तों में उत्साह देखने को मिला। भगवान शिव का दूध, दही, बेल पत्र, भांग, धतूरा, शहद, इत्र से अभिषेक किया गया। सभी भक्तों को इस अवसर पर निवासियों के सहयोग से खीर और ठंडाई का प्रसाद वितिरत किया गया। आरडब्लूए की पूर्व अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य रश्मि चौधरी ने बताया कि भगवान शिव की उपासना करने से भक्तों की सभी मनोकमांएं पूरी होती हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार, यह पावन रात शिव और शक्ति (पार्वती) के विवाह की रात है, जो पुरुष और प्रकृति के संतुलन का प्रतीक है।
महाशिवरात्रि के अवसर पर इस मौके पर पंडित राजीव मिश्रा,रश्मि चौधरी,रूबी चौधरी,नीरू गर्ग,अनुजा बंसल, गौरव बंसल, राजेश गर्ग,अनुज बंसल,प्रभा शर्मा, राजकिशोर शर्मा, आर के गर्ग, अरविंद सिंघल,प्रभात गर्ग,पंकज बत्रा, सहित सैकड़ो शिव भक्त मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *