हिमाचल में प्रशासनिक फेरबदल: अधिकारियों के नए पद और अतिरिक्त कार्यभार सौंपे गए

राज्य हिमाचल प्रदेश

शिमला। हिमाचल सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कुल्लू उपायुक्त को हटाने के साथ पांच आईएएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। निदेशक कार्मिक व वित्त राज्य बिजली बोर्ड अनुराग चंद्र शर्मा को कुल्लू जिले का नया उपायुक्त बनाया गया है।

सचिव डिजिटल टेक्नोलॉजी आशीष सिंहमार को मुख्यमंत्री के सचिव का दायित्व सौंपने के साथ ही सचिवालय प्रशासन, संसदीय मामले, वित्त, योजना, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वह आईएएस राकेश कंवर को सचिवालय सामान्य प्रशासन के अतिरिक्त कार्यभार से भारमुक्त करेंगे।

एचपीएमसी के प्रबंध निदेशक अरिंदम चौधरी, जिनके पास प्रबंध निदेशक हिमाचल प्रदेश एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन और एचपी एग्रो इंडस्ट्रियल पैकेजिंग इंडिया लिमिटेड का कार्यभार था, उनको निदेशक कार्मिक एवं वित्त राज्य बिजली बोर्ड बनाया गया है। निदेशक बागवानी विनय सिंह को प्रबंध निदेशक एचपीएमसी और एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन और एग्रो इंडस्ट्रियल पैकेजिंग इंडिया लिमिटेड का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

कुल्लू के उपायुक्त पद पर कार्यरत टीएस रवीश को हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें जनरल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *