नोएडा, थाना सेक्टर-142 पुलिस ने दो-पहिया वाहन चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा व एक चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को लोकल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-140 नोएडा क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस दौरान वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो अभियुक्तों—विशाल तिवारी और फरीद—को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल (DL5SCD2327) बरामद हुई, जो थाना जाफराबाद, दिल्ली में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित है। वहीं, विशाल तिवारी के पास से एक तमंचा .315 बोर व एक जिंदा कारतूस तथा फरीद के पास से एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त विशाल तिवारी पर पूर्व में भी गाजियाबाद व दिल्ली में वाहन चोरी समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, फरीद का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।
इस संबंध में थाना सेक्टर-142 पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
