बाराबंकी में शादी का जश्न बना मातम: नॉनवेज खाने से 50 से ज्यादा लोग बीमार

उत्तर प्रदेश राज्य

यूपी के बाराबंकी में देवा कस्बा के लालापुर मोहल्ले में एक शादी समारोह के दौरान नॉनवेज भोजन खाने के बाद 50 से अधिक लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया है।

जानकारी के अनुसार, लालापुर निवासी मुफीद की बेटी की शादी बड्डूपुर के खिजना गांव निवासी युवक से तय हुई थी। शनिवार को बरात आने के बाद सभी रस्में पूरी होने के पश्चात भोजन का आयोजन किया गया।

आधे घंटे बाद ही तबीयत खराब होने लगी

बताया जा रहा है कि भोजन में नॉनवेज के कई प्रकार के व्यंजन परोसे गए थे। उन्हें खाने के करीब आधे घंटे बाद ही कई लोगों की तबीयत खराब होने लगी। बीमारों में रजिया, जावेद, समीर, सबनम, इरफान, जबीर, अलीम, फैजुर्रहमान, अलीजा, असलम, अरमान, रिजवान, कुजुमा, लालजी समेत अन्य शामिल हैं।

सभी को पेट में तेज दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। इससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई। हालत बिगड़ने पर करीब 31 से अधिक लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवा में भर्ती कराया गया। इसके अलावा डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों को निजी अस्पतालों में और लगभग आधा दर्जन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भोजन के सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा

डॉक्टरों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। भोजन के सैंपल भी जांच के लिए भेजे जाने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *