गुर्जर बलिदान दिवस पर सीकर में भव्य गुर्जर जागृति सम्मेलन आयोजित

उत्तर प्रदेश राज्य

सीकर (राजस्थान)। 23 मई 2026 को अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के तत्वावधान में सुंदर दास धाम बामरडा, सीकर (राजस्थान) में गुर्जर बलिदान दिवस के अवसर पर भव्य गुर्जर जागृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में देशभर से समाज के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया।
राजस्थान पहुंचने से पूर्व नीमराना टोल, प्रिंस होटल बहरोड़, कोटपूतली, नीमकाथाना और खंडेला सहित विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. रूप सिंह बैसला के नेतृत्व में राजेंद्र खटाणा, रमेश रावत, प्रोफेसर जगराम, विधायक रामचंद्र रावत, विधायक रामस्वरूप, विधायक फूल सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री महादेव खंडेला एवं अन्य समाजसेवियों द्वारा महासभा पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले आरक्षण आंदोलन में शहीद हुए वीरों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम फागणा ने की, जबकि संचालन रामेश्वर कसाना द्वारा किया गया।
सम्मेलन में पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी, पूर्व मंत्री शकुंतला रावत, महंत बलदेव दास, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश विकल, गौतम बुद्ध नगर जिला अध्यक्ष अशोक भाटी, सुनील भाटी, शैतान सिंह, दाताराम जी, विपिन प्रधान, अरुण भाटी सहित अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे। आयोजक समिति के भंवरलाल सरपंच एवं नेकीराम ने सभी अतिथियों का राजस्थान की पारंपरिक पगड़ी, शॉल और पुष्पमालाओं से स्वागत किया।
सम्मेलन के दौरान किरोड़ी सिंह सहित आरक्षण आंदोलन में बलिदान देने वाले 77 परिवारों की शौर्यगाथा को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की बहनों की राखी और वीरांगनाओं के सिंदूर की कीमत पर यह संघर्ष लड़ा गया है, इसलिए शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
वक्ताओं ने समाज में संस्कृति, संस्कार और सहनशीलता को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए बच्चों को शिक्षा एवं अच्छे संस्कार देने की अपील की। साथ ही पुस्तकालयों की स्थापना, विश्वविद्यालय, छात्रावास एवं पुनर्वास जैसी सुविधाओं को बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई। युवाओं को स्वरोजगार अपनाकर अन्य लोगों को रोजगार देने तथा शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित भी किया गया।
अंत में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने बलिदान परिवारों के साथ हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने आगामी 31 अक्टूबर को आयोजित सरदार पटेल जयंती कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जगदीश सरपंच, रामफल सरपंच, देवेंद्र सिंह, सुरेश सरपंच, रंगलाल अंबावता, बलेश गुर्जर, भजनलाल ठेकेदार, विनोद गुर्जर सहित भारी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *