ग्रेटर नोएडा 12 मार्च 2026
सलारपुर निवासी हरिकिशन भगत की पुत्री संगीता की शादी लगभग 20 वर्ष पूर्व यतेंद्र नागर, पुत्र बाबू नागर, निवासी लकलावानी के साथ हुई थी। दंपत्ति का एक 14 वर्षीय विकलांग बेटा है।
बताया गया कि बेटे की तबीयत खराब होने के कारण उसे न्यू हॉस्पिटल, बरौला सेक्टर-49 में भर्ती कराया गया था। आज तबीयत में सुधार होने के बाद जब उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर लाया गया, तो आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने घर का दरवाजा बंद कर लिया और संगीता के साथ गाली-गलौज करने लगे।
पीड़िता ने इसकी सूचना अपने मायके पक्ष को दी। जब मायके से लोग मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी बदतमीजी की गई और मारपीट करने के लिए पीछे दौड़ाया गया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी और मामला थाना सूरजपुर पहुंचा।
पीड़िता का आरोप है कि थाने में भी पुलिस द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें जबरन बंद कर दिया गया। दिनभर न्याय के लिए भटकने के बाद उन्होंने भाकियू से संपर्क किया।
सूचना मिलते ही एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, संजय फौजी, नवल प्रधान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सूरजपुर थाने पहुंच गए और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंचे एसीपी राजीव कुमार गुप्ता और एसएचओ विनोद कुमार ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने स्पष्ट कहा कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक धरना जारी रहेगा।
