नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वालों पर चंपावत पुलिस सख्त

उत्तराखंड राज्य

चंपावत। चम्पावत पुलिस ने नाबालिग पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी नाबालिग की पहचान उजागर करना गंभीर दंडनीय अपराध है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि वर्तमान में विवेचनाधीन एक संवेदनशील आपराधिक प्रकरण के दौरान यह मामला सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से नाबालिग पीड़िता से संबंधित वीडियो और फोटोग्राफ सार्वजनिक किए जा रहे थे।उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां पीड़िता की गोपनीयता, सामाजिक प्रतिष्ठा और मानसिक सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट को तत्काल हटवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील मामले से जुड़ी सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा न करें और कानून का सम्मान करते हुए पीड़िता की निजता बनाए रखने में सहयोग करें।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि नाबालिग की पहचान उजागर करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *