CM धामी ने महिलाओं और युवाओं से साधा सीधा संवाद, आत्मनिर्भर उत्तराखंड पर लिया सुझाव

उत्तराखंड राज्य

रुद्रपुर/चंपावत: मौसम की खराबी के चलते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चंपावत दौरे के कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा. धूरा हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर नहीं उतर पाने के बाद सीएम धामी टनकपुर स्टेडियम हेलीपैड पहुंचे. सड़क मार्ग से धूरा के रामलीला मैदान में आयोजित सशक्त बहना उत्सव में शामिल होने रवाना हुए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई. स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बहनों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने तय कार्यक्रम अनुसार चंपावत दौरे पर पहुंचे. सीएम धामी को अपनी विधानसभा के सुखीढांक क्षेत्र के धूरा रामलीला मैदान में आयोजित सशक्त बहन उत्सव में प्रतिभाग करना था. मौसम की खराबी की वजह से उनका हेलीकॉप्टर धूरा हैलीपेड में नहीं उतर पाया. हल्का मौसम सही होने पर सीएम धामी टनकपुर स्टेडियम हैलीपेड में पहुंचे. जहां से सड़क मार्ग के माध्यम से सीएम पुष्कर धामी धूरा स्थित सशक्त बहना उत्सव आयोजन को रवाना हुए.

इस दौरान सीएम धामी ने कहा प्रदेश की बहने सशक्त हो रही हैं. महिला समूहों के माध्यम से बहने बेहतरीन उत्पादों को बाजार को उपलब्ध करा रही है. प्रदेश सरकार भी बहनों को सशक्त करने के लिए विभिन्न योजनाओं को संचालित कर रही है.

वहीं, इसस पहेल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर जेपीएस स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में शामिल हुये. जहां उन्होंने छात्रों से सीधा संवाद किया. कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर जिले के विभिन्न स्कूलों से करीब 800 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य, पर्यावरण, पलायन, तकनीक और स्टार्टअप सहित राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर सुझाव लिए.

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बच्चों के प्रति आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला. कार से बाहर निकलते ही वह छोटे बच्चों के बीच पहुंच गए. उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उनसे हाथ मिलाया. बच्चों में भी मुख्यमंत्री से मिलने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट बांटी. कई बच्चों से राखी भी बंधवाई. मुख्यमंत्री के इस सहज अंदाज से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद बच्चों में खुशी का माहौल देखने को मिला.

इसके बाद मुख्यमंत्री ने ऑडिटोरियम में आयोजित युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में छात्रों से सीधा संवाद किया. कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर जिले के विभिन्न स्कूलों से करीब 800 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. विद्यार्थियों ने उत्तराखंड के विकास और अपने सपनों के राज्य को लेकर निबंध एवं अपने विचार प्रस्तुत किए. मुख्यमंत्री ने इनमें से चयनित 15 विद्यार्थियों से उनके निबंधों और विचारों को लेकर विस्तार से बातचीत की.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सरकार चाहती है कि प्रदेश के विद्यार्थी केवल शिक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि नीति निर्माण और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर अपनी सोच भी सरकार के सामने रखें. इसी उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान की शुरुआत 10 अगस्त से की गई थी. अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं से विकसित उत्तराखंड को लेकर सुझाव और विजन मांगे जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने छात्रों से शिक्षा की गुणवत्ता, रोजगार के अवसर, स्वरोजगार, स्टार्टअप, पर्यटन, स्वास्थ्य सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण, पलायन रोकने और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल जैसे विषयों पर सुझाव लिए. विद्यार्थियों ने भी अपने-अपने विचार मुख्यमंत्री के सामने रखे और उत्तराखंड को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई सुझाव दिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *