यूपी में गर्मी बनी जानलेवा,34 की मौत,वाराणसी-कानपुर और लखनऊ में 7-7 की मौत

स्थानीय समाचार

यूपी में गर्मी बनी जानलेवा,34 की मौत,वाराणसी-कानपुर और लखनऊ में 7-7 की मौत

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से प्रचंड गर्मी का कहर बरप रहा है।प्रचंड गर्मी अब जान ले रही है।प्रचंड गर्मी से यूपी में 34 लोगों को दम तोड़ दिया।कानपुर-वाराणसी में सात, लखनऊ में सात,प्रयागराज में तीन,हमीरपुर में तीन,उरई में दो, कानपुर देहात में एक और कन्नौज में एक की मौत हुई।इस बीच मौसम विभाग ने राहत की भी खबर दी है।

मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ समेत ज्यादातर जिलों में 15 जून के बाद बारिश का पूर्वानुमान है। साथ ही 17 तारीख से बिहार में मानसून के सक्रिय होने की भूमिका बननी शुरू हो गई है। ऐसे में मानसूनी फुहारें यूपी को भी भिगोएंगी। शुक्रवार को कुछ जिलों में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ हुई बूंदाबांदी से तपिश का सिलसिला कमजोर भी पड़ा। इस दौरान गोरखपुर और अम्बेडकरनगर में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।

पुलिस ने हीट स्ट्रोक से मौत की आशंका जताई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मरने वाले ज्यादातर लोग पहले से ही बीमार थे।तबीयत बिगड़ने से झांसी में चलती ट्रेन में एक यात्री और बाराबंकी में रेलवे स्टेशन पर अधेड़ ने दम तोड़ दिया। लखनऊ में अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर सात लोग मृत पाए गए।आशंका है कि इनकी मौत भी गर्मी से तबीयत बिगड़ने से हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रयागराज में महिला समेत तीन की मौत हो गई। वहीं, अलीगढ़ में प्रचंड गर्मी में गश खाकर गिरे रोडवेज के परिचालक की मौत हो गई।

शुक्रवार को ताज नगरी सबसे गर्म रही।यहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।झांसी में 44.9, बांदा में 44.6, कानपुर आईएएफ में 44.5, हमीरपुर में 44.2, उरई में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वाराणसी बीएचयू में 43.4 डिग्री तो लखनऊ में 41.9 डिग्री तापमान रहा। प्रयागराज में 43.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।प्रयागराज में लगातार 44 डिग्री के आसपास तापमान रहने से लोग बेहाल हैं। यहां न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 29 फीसदी रही। न्यूतनम तापमान व आर्द्रता की वजह से दिनभर और रात में भी उमस बनी रही। शनिवार को उमस भरी गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।

अमौसी स्थित प्रदेश के मौसम विभाग के मुख्यालय के अनुसार हवा के मध्य क्षोभमंडल में आ रहे पश्चिमी विक्षोभ तथा निचले क्षोभ मंडल में राजस्थान से मराठवाड़ा तक एक ट्रफ लाइन बनी है। यह पुरवा हवा को रोक रही है। इसके बावजूद यूपी में छिटपुट वर्षा शुरू हो गई है। पूर्वानुमान है कि 15 जून से वर्षा में बढ़ोतरी होगी। साथ ही 17 जून से पूर्वी यूपी में जबकि 19 जून से पश्चिमी यूपी में भारी वर्षा होने की संभावना है। शुक्रवार को बुन्देलखंड के आसपास के इलाकों समेत यूपी के अन्य कुछ जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

गोरखपुर-बस्ती मंडल में सुबह धूप-बदली का सिलसिला चला। दोपहर बाद कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज हवा के साथ बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। संतकबीरनगर में आंधी-बारिश के बीच बिजली गिरने से खेत से लौट रही एक महिला की मौत हो गई। वहीं अम्बेडकरनगर में अलग-अलग स्थानों पर गिरी बिजली ने दो की जान ले ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *