कांवड़ यात्रा को लेकर सरकार अलर्ट, सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

उत्तराखंड राज्य

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु यात्रा राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मेला नियंत्रण भवन में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा उत्तराखंड की धार्मिक आस्था, प्रशासनिक क्षमता और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को ‘सुरक्षित कांवड़, सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने महिला श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में पिंक टॉयलेट, स्वच्छ पेयजल, विश्राम स्थलों, प्रकाश व्यवस्था और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, चिकित्सकों की तैनाती, वाटर एंबुलेंस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस और अग्निशमन विभाग को पूरी तरह सतर्क रखने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और एआई आधारित निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रैफिक प्रबंधन इस तरह किया जाए कि कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी कम से कम परेशानी हो। साथ ही वीआईपी मूवमेंट के कारण यात्रा व्यवस्था प्रभावित न हो।

मुख्यमंत्री ने होटल, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित जांच करने, लाइसेंस को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने हर की पैड़ी सहित प्रमुख घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, जल पुलिस की तैनाती, अतिक्रमण हटाने और मानकों से अधिक ऊंची कांवड़ तथा तेज आवाज वाले डीजे वाहनों पर नियंत्रण रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान महाकुंभ-2027 से जुड़े विकास कार्य प्रभावित न हों। दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों की व्यवस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया गया।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ मेले की तैयारियों की जानकारी दी। इसके अलावा विभिन्न जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *