पाबौं में डॉ. धन सिंह रावत का भव्य स्वागत

उत्तराखंड राज्य

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पाबौं पहुंचने पर स्थानीय जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

कैबिनेट मंत्री का काफिला जैसे ही पाबौं पहुंचा, ढोल-नगाड़ों, झंडो, स्वागत बैनरों, फूलों की वर्षा और गगनभेदी नारों के साथ क्षेत्रवासियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। विकासखंड मुख्यालय में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में युवा, बुजुर्ग, महिलाओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। पूरा ब्लॉक मुख्यालय उत्सव स्थल में बदल गया।

डॉ. रावत ने जनता के अपार स्नेह के लिए आभार जताते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से विकास कार्यों को नई गति मिली है और श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में निरंतर योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।

खुण्डेश्वर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने 570 लाख रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें सड़क, पेयजल, शिक्षा तथा सामुदायिक भवनों से जुड़े कार्य शामिल हैं, जिनसे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत, ब्लॉक प्रमुख लता, मातवर सिंह रावत, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, पार्टी पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *