यूपी:-प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की ताकत पर एक बार फिर 325 सीटों का ऐतिहासिक आंकड़ा दोहराएगी।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की ताकत पर एक बार फिर 325 सीटों का ऐतिहासिक आंकड़ा दोहराएगी। सर्किट हाउस में रविवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी तीखे हमले किए।
उपमुख्यमंत्री के बयानों से साफ है कि भाजपा ने अभी से 2027 के मिशन को धार देना शुरू कर दिया है। भाजपा जहां अपनी उपलब्धियों और कार्यकर्ताओं के बल पर दोबारा बहुमत का दावा कर रही है, वहीं सपा और राजद पर माफियाओं से गठजोड़ का आरोप लगाकर कानून-व्यवस्था को बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि हालिया लोकसभा चुनाव के बाद जिन चार राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए, उनमें से तीन राज्यों में भाजपा ने बहुमत से सरकार बनाई, जो कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव की तैयारियां भी जोरों पर हैं और भाजपा पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी।
जब प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे तो उपमुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब राजनाथ सिंह प्रदेश के शिक्षा मंत्री थे, तब उन्होंने नकल अध्यादेश लागू किया था, लेकिन सपा सरकार में आते ही उसे खत्म कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी शिक्षा को गंभीरता से नहीं लेती और उनके कार्यकाल में नकल माफिया को संरक्षण मिला। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और राजद पर कानून व्यवस्था को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपी और बिहार में जब-जब चुनाव नजदीक आते हैं, सपा और राजद जैसी पार्टियां गुंडे-माफियाओं को आगे लाने लगती हैं। इसके विपरीत जहां एनडीए की सरकार है, वहां माफियाओं पर कठोर कार्रवाई हो रही है। जनता जानती है कि असली ”गुंडों की पार्टी” कौन है और कौन उन्हें संरक्षण देता है।
