यमुनोत्री को देश की सबसे मजबूत विधानसभा बनाना लक्ष्य: मनवीर सिंह चौहान

उत्तराखंड राज्य

चिन्यालीसौड़। यमुनोत्री विधानसभा के चिन्यालीसौड़–पीपलमंडी बड़ेथी हाईवे पर आयोजित विशाल जन संवाद कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि यमुनोत्री को आदर्श और देश की सबसे मजबूत विधानसभा बनाना उनका पहला लक्ष्य और संकल्प है। उन्होंने कहा कि यह जन संवाद कार्यक्रम केवल आयोजन नहीं, बल्कि यमुनोत्री के भविष्य को लेकर संकल्प लेने का मंच है।

श्री चौहान ने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो वे खुले मंच से संकल्प लेते हैं कि यमुनोत्री को प्रदेश ही नहीं, बल्कि भारत के श्रेष्ठ विधानसभा क्षेत्रों में शामिल करेंगे। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान क्षेत्र में देखी गई कई समस्याओं का समाधान किया गया है और शेष समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

उन्होंने बताया कि 2007 से वे लगातार जनता के बीच सक्रिय रहे हैं, हालांकि पारिवारिक कारणों से कुछ समय सक्रिय नहीं रह सके। बावजूद इसके, यमुनोत्री के विकास से जुड़े मुद्दों पर उनका प्रयास सदैव जारी रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यमुनोत्री को जिला बनवाना उनका प्रथम लक्ष्य एवं संकल्प है।

मनवीर सिंह चौहान ने यमुनोत्री क्षेत्र सहित पूरे क्षेत्र को एसटी समुदाय घोषित कराने, बड़कोट और चिन्याली में उपजिला स्तर के अस्पताल, कृषि एवं हॉर्टिकल्चर से जुड़े विश्वविद्यालयी कोर्स, पीजी कॉलेज, होटल मैनेजमेंट कॉलेज, नर्सिंग, बीएड और मेडिकल कॉलेज, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रोडवेज बस सेवाओं का विस्तार जैसी योजनाओं को अपनी प्राथमिकताओं में बताया।

उन्होंने नागटिब्बा और पंचम धाम सेम मुखेम को जोगत से सड़क मार्ग द्वारा जोड़ने, गेस्ट हाउस निर्माण, ब्रह्मखाल या चिन्याली में केंद्रीय विद्यालय, डिग्री कॉलेजों में आईटी लैब और डिजिटल बोर्ड, सेना भर्ती मेला पुनः प्रारंभ करने तथा खेती-बागवानी को मजबूत करने के लिए शैक्षणिक पाठ्यक्रम शुरू करने का भी आश्वासन दिया।

इससे पूर्व कार्यक्रम में विधानसभा चुनाव 2027 के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन भी मनवीर सिंह चौहान द्वारा किया गया।

जन संवाद को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान ने कहा कि 2012, 2017 और 2022 में पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता की पहली पसंद मनवीर सिंह चौहान रहे, लेकिन टिकट नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ओएसडी रहते हुए चौहान ने जितने कार्य किए, उतने आज तक कोई विधायक नहीं कर पाया। यदि पार्टी टिकट देती है तो यमुनोत्री से भाजपा की जीत तय है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य चौहान की अगुवाई में यमुनोत्री विधानसभा के विकास पर जन संवाद रहा। वक्ताओं ने कहा कि चौहान के नेतृत्व में क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 70 से अधिक सीटें दिलाने का लक्ष्य भी तय किया गया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रणवीर महंत, सुरेंद्र सिंह भंडारी, जिला महामंत्री फर्सुरम जगुड़ी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बिजेंद्र रावत, अमित सकलानी, अतोल रावत, मनीष कुकरेती सहित हजारों की संख्या में क्षेत्रीय जनता, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *