रुद्रप्रयाग में भीषण आग: जनरल स्टोर और होटल जलकर राख, करोड़ों का नुकसान

उत्तराखंड

रुद्रप्रयाग। जनपद के चंद्रापुरी क्षेत्र के गबनीगांव में केदारनाथ हाईवे से कुछ ही दूरी पर स्थित एक जनरल स्टोर और उससे सटा होटल आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है।

आग की सूचना मिलते ही फायर सर्विस रुद्रप्रयाग और थाना अगस्त्यमुनि की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और प्रतिष्ठान के बाहर खड़े दो वाहन भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गए थे। आसपास रिहायशी इलाका होने के कारण आग के फैलने का खतरा बना हुआ था।

अग्निशमन कर्मियों ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत कार्य में रिन्यू जल ऊर्जा कुंड के कर्मचारियों ने भी अहम भूमिका निभाई और अपने निजी वाहनों से लगातार पानी की आपूर्ति कर आग बुझाने में सहयोग किया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात है, हालांकि जनरल स्टोर, होटल और दो वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। अनुमान है कि आर्थिक क्षति करोड़ों रुपये तक हो सकती है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के मुताबिक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *