देहरादून में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उत्तर रेलवे परियोजनाओं पर बैठक

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्य सचिव कार्यालय में उत्तर रेलवे मुरादाबाद की मण्डल रेल प्रबन्धक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उत्तर रेलवे से सम्बन्धित विभिन्न प्रकरणों एवं महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य सचिव ने ऋषिकेश– डोईवाला बाईपास रेलवे लाइन परियोजना के अंतर्गत राजाजी नेशनल पार्क एवं वन विभाग की 3.62 हेक्टेयर वन भूमि से जुड़े प्रकरण पर जिलाधिकारी देहरादून को रेलवे, मुख्य वन्यजीव वार्डन तथा राजाजी नेशनल पार्क के अधिकारियों के साथ संयुक्त सर्वेक्षण कर निरीक्षण आख्या शासन को शीघ्र उपलब्ध कराई जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने देहरादून–मोहण्ड– सहारनपुर टनल आधारित रेलवे लाइन परियोजना के संबंध में फाइनल लोकेशन सर्वे कराकर परियोजना की अद्यतन स्थिति से शासन को अवगत कराने के निर्देश दिए। साथ ही हर्रावाला रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण हेतु तैयार मास्टर प्लान को शासन के साथ साझा करने तथा रेलवे एवं जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त सर्वे कर शीघ्र निरीक्षण आख्या प्रस्तुत करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कुम्भ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे अधिकारियों को जिलाधिकारी हरिद्वार, एसएसपी हरिद्वार, मेलाधिकारी एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ मिलकर संयुक्त ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त हरिद्वार के समीप रेलवे सुरंग क्षेत्र में ढलान स्थिरीकरण (स्लोप स्टैबलाइजेशन) कार्य को शीघ्र पूर्ण कर उसकी आख्या शासन को उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत, अपर सचिव रीना जोशी सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *