कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की रफ्तार तेज, हरिद्वार में समीक्षा बैठक

उत्तराखंड राज्य

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी गंभीरता से तैयारियों में जुटी हुई है। इसी क्रम में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर चल रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मेला नियंत्रण भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कुंभ मेला से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में अवस्थापना विकास, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, घाटों का सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि कुंभ मेला 2027 राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

राम सिंह कैड़ा ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मंत्री ने मानसून के प्रभाव को देखते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मौसम की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को पहले से योजना बनाकर कार्य करना होगा, ताकि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो सकें।

उन्होंने विशेष रूप से पार्किंग व्यवस्था, यातायात संचालन, शौचालयों की उपलब्धता, साफ-सफाई और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीआर-2 भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बैरागी कैंप में निर्माणाधीन नलकूपों और ओवरहेड टैंक का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ये सभी कार्य आगामी 31 अक्टूबर तक हर हाल में पूरे किए जाएं।

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की प्रगति की जानकारी दी और बताया कि सभी कार्यों की नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जा रही है।

इस बैठक में मुख्य नगर अधिकारी नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेला अधिकारी आकाश जोशी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *