उत्तराखंड में अप्रैल में प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियां तेज

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। उत्तराखण्ड में आगामी अप्रैल माह में प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।

इसी क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को सचिवालय में राज्य नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ आईटी वॉलंटियर्स की तैनाती की जा रही है। ये वॉलंटियर्स गणना प्रपत्रों के डिजिटलाइजेशन में सहयोग करेंगे। साथ ही, प्रपत्रों के वितरण और उनके संकलन की प्रक्रिया में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने अपर सचिव ग्राम्य विकास और निदेशक शहरी विकास विभाग को निर्देश दिए कि इस अभियान के लिए जल्द से जल्द तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को जोड़ा जाए, ताकि पुनरीक्षण कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

इसके अलावा, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आयुक्तों को क्षेत्रवार मैपिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए, जिससे प्रत्येक बूथ पर कार्य की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र, अपर सचिव झरना कमठान, निदेशक महिला एवं बाल विकास बीएल राणा, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, निदेशक एसआईसी मनीष जुगरान, अपर निदेशक आईटीडीए तीरथ पाल, उप निदेशक सूचना रवि बिजारनियां सहित गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के अपर आयुक्त उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *