उत्तराखंड भाजपा को जल्द मिलेगा नया प्रभारी, विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में बदलाव की तैयारी

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। उत्तराखंड भाजपा के नए प्रभारी की नियुक्ति जल्द होने के आसार हैं। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत संगठनात्मक दृष्टि से अनुभवी को ही यह कमान सौंपी जाएगी, साथ में सामाजिक समीकरण को भी साधने पर पार्टी हाईकमान का जोर है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम की घोषणा के दूसरे दिन मंगलवार को तीन प्रदेशों में प्रभारी और सह प्रभारी की नियुक्ति के बाद उत्तराखंड में भी नए प्रदेश प्रभारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

नए नेता की तैनाती कर सकती है पार्टी

माना जा रहा है कि पार्टी वर्तमान प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार के स्थान पर नए नेता की तैनाती कर सकती है। दुष्यंत लंबे समय से यह पद संभाल रहे हैं। साथ में उनकी संगठनात्मक क्षमता को भी माना जाता है। ऐसे में उनके विकल्प को लेकर पार्टी सोच-समझकर ही निर्णय लेने के पक्ष में है।

उत्तराखंड में भाजपा के सामने लगातार तीसरे विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने की चुनौती है। जीत के गणित को साधने के लिए पार्टी सांगठनिक स्तर पर भी समीकरण बैठा रही है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रदेश से चार नेताओं को जगह मिली है। यद्यपि, राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड की हिस्सेदारी में समीकरण से अधिक सामंजस्य और सक्रियता को तरजीह दी गई है।

प्रदेश प्रभारी के रूप में ऐसे अनुभवी नेता को कमान सौंपने की तैयारी बताई जा रही है, जो चुनावी प्रदेश में सांगठनिक कौशल के साथ समन्वयक एवं रणनीतिकार के रूप में भी प्रमुख भूमिका निभा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *