मातृशक्ति के आशीर्वाद से भाजपा 2027 में जीत की हैट्रिक लगाएगी: महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी और आशीर्वाद से भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों में अधिक सशक्त होकर जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में महिला मोर्चा की परिचयात्मक बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं में महिलाओं को केंद्र में रखकर विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने और महिलाओं को सशक्त बनाने में महिला मोर्चा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। लखपति दीदी योजना का विस्तार किया जा रहा है, जबकि मुद्रा ऋण, जनधन खाते, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। उत्तराखंड में भी महिलाओं के लिए रोजगार और विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।उन्होंने महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा भाव और सक्रियता के माध्यम से अधिक से अधिक माताओं, बहनों और बेटियों का विश्वास एवं आशीर्वाद प्राप्त कर वर्ष 2027 के चुनाव में भाजपा को पुनः विजय दिलानी है।बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के समर्पण तथा मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड के विकास और संगठन को मजबूत बनाने में महिलाओं का योगदान सदैव महत्वपूर्ण रहा है और इसी सहयोग से भाजपा जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति देगी।
इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, मोर्चा प्रभारी शैलेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री हिमानी डिमरी वैष्णव, रश्मि रस्तोगी सहित महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *