यंग लीडर्स डायलॉग युवाओं के नेतृत्व विकास का सशक्त मंच: मुख्यमंत्री धामी

उत्तराखंड

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस अभिनव पहल की सराहना की। उन्होंने भारत मंडपम, नई दिल्ली में 9 से 12 जनवरी तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यंग लीडर्स डायलॉग देश के युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक सशक्त मंच है। लाखों विद्यार्थियों में से इस कार्यक्रम के लिए चयनित होना प्रतिभागी युवाओं के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने युवाओं के साथ उनके शिक्षकों को भी बधाई दी और कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास बढ़ाने और राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव अर्जित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संवाद कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को देशभर के प्रतिभाशाली साथियों से सीखने और विचार-विमर्श का अवसर मिलेगा, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यंग लीडर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी और आने वाले समय में यही युवा नवाचार व नेतृत्व क्षमता के साथ देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत उस दौर में खड़ा है, जहां संकल्प के साथ सपनों को साकार किया जा रहा है। अंतरिक्ष, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने प्रतिभागी युवाओं से इस अवसर का पूर्ण लाभ उठाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या, निदेशक खेल आशीष चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *