नोएडा के 81 गांवों में जल्द शुरू होगी आईजीएल गैस पाइलाइन: अशोक भाटी

उत्तर प्रदेश राज्य

6 मई 2026
नोएडा सेक्टर-3 स्थित इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड कार्यालय पर भाकियू जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह से मुलाकात कर गांवों में आईजीएल गैस पाइपलाइन बिछाने की मांग उठाई।
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि नोएडा जैसे विकसित एवं आधुनिक शहर के निर्माण में यहां के मूल ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वर्तमान में आईजीएल द्वारा सेक्टरों एवं कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस पीएनजी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जो सराहनीय है, लेकिन नोएडा के अनेक गांव आज भी इस मूलभूत सुविधा से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि सेक्टरों के बीच स्थित लगभग 81 गांवों के निवासी आज भी एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर हैं, जिससे उन्हें बार-बार सिलेंडर भरवाने, ढुलाई और सुरक्षा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि गांवों में पीएनजी सुविधा उपलब्ध कराई जाए तो समय, धन और ऊर्जा की बचत होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
भाकियू प्रतिनिधिमंडल ने जनहित को देखते हुए सभी गांवों में शीघ्र आईजीएल गैस पाइपलाइन बिछाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह ने अधिकारियों से वार्ता कर जिन गांवों के पास से आईजीएल लाइन गुजर रही है, वहां आगामी कुछ महीनों में कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, कमल सिंह आर्य, सिंहराज गुर्जर, सचिन अवाना, मनोज त्यागी, प्रशांत बेसोया, मनोज अवाना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *