मुख्यमंत्री धामी से पैरा एथलीट डॉ. दीपा मलिक की शिष्टाचार भेंट

उत्तराखंड

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में देश की प्रतिष्ठित पैरा एथलीट एवं पद्मश्री से सम्मानित डॉ. दीपा मलिक ने शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. दीपा मलिक को सम्मानित करते हुए पैरा स्पोर्ट्स के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की और उन्हें देश व समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

भेंट के दौरान डॉ. दीपा मलिक ने उत्तराखंड में पैरा खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और समर्पित मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक पैरा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में प्रतिभाशाली पैरा खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल संरचित प्रशिक्षण और संसाधनों की है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रस्ताव को महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल बताते हुए इस पर सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों और पैरा खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने पैरा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के प्रस्ताव पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अपर सचिव आशीष चौहान को दिए, ताकि सभी पहलुओं का अध्ययन कर आगे की ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर पैरालम्पिक कमेटी ऑफ इंडिया के महासचिव जयवंत हम्मुनावा, इंडिया पैरा पावर लिफ्टिंग के चेयरपर्सन जे.पी. सिंह, पैरा रॉ लिफ्टिंग के उपाध्यक्ष शुभम चौधरी, कोर यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जे.सी. जैन, पैरालंपिक पावर लिफ्टर परमजीत कुमार सहित अशोक एवं कस्तूरी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *