भाजपा सेवा और राष्ट्र निर्माण की राजनीति करती है: धामी

उत्तराखंड राज्य

देहरादून में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और समर्पण ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है, जिसने संगठन को अजेय बनाया है। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। विभिन्न प्रकोष्ठ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की विचारधारा और सरकारी योजनाओं को पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा, सहकारिता, संस्कृति, व्यवसाय, खेल, पर्यटन और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सक्रिय प्रकोष्ठ समाज और संगठन के बीच सेतु का कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों में मूल अंतर यह है कि भाजपा वर्षभर समाज सेवा में सक्रिय रहती है, जबकि अन्य दल केवल चुनाव के समय सक्रिय दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीति को सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं बल्कि सेवा का माध्यम मानती है।

आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड एक संवेदनशील हिमालयी राज्य है, जहां आपदाओं के समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर राहत और बचाव कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठों को ब्लॉक स्तर पर ऐसी युवा टीम तैयार करनी चाहिए जो आपदा के समय सबसे पहले ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ के रूप में कार्य कर सके।

मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की लाखों महिलाएं समूहों के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2029 तक तीन करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रकोष्ठों को ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ना चाहिए।

पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ की भूमिका पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है। उन्होंने कहा कि राज्य को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में कार्य चल रहा है। चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जबकि आदि कैलाश जैसे सीमांत क्षेत्रों में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति करती है, जबकि विपक्ष नकारात्मकता, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार में उलझा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और विपक्ष की नीतियों के बीच अंतर स्पष्ट करना चाहिए।

उन्होंने समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कदमों से राज्य की संस्कृति और मूल स्वरूप की रक्षा हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं के अधिकारों पर कुठाराघात करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ा रहता है, और यही जनता का विश्वास पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों से मिशन मोड में कार्य करते हुए संगठन को मजबूत करने और सेवा कार्यों को व्यापक बनाने का आह्वान किया।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ पार्टी की बड़ी ताकत हैं। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को शीघ्र मंडल स्तर तक अपनी टीमों का गठन पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर आगामी चुनावों में भाजपा की जीत को और अधिक प्रचंड बनाने का लक्ष्य रखने की बात कही।

इस बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कुस्तुभानंद जोशी सहित सभी 22 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक और सह-संयोजक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *