समाजवादी पार्टी ने आजमगढ़ में अपना नया कार्यालय “पीडीए भवन” खोला है, जिसका उद्देश्य 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में पूर्वांचल क्षेत्र में पार्टी का प्रभाव बढ़ाना है. यह कार्यालय प्रशिक्षण केंद्र के रूप में भी काम करेगा, युवाओं को समाजवादी विचारधारा से जोड़ेगा. अखिलेश यादव का यह कदम पूर्वांचल के मतदाताओं को साधने और सत्ता हासिल करने की रणनीति का हिस्सा है.
उत्तर प्रदेश की सत्ता का रास्ता पूर्वांचल से ही होकर जाता है, लेकिन हर चुनाव में यहां के मतदाताओं की पसंद बदल जाती है. यही वजह है कि अगले साल 2027 में होने वाले सूबे के विधानसभा चुनाव की जंग का सियासी केंद्र पूर्वांचल बनने जा रहा है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपने सियासी जनाधार को जोड़े रखने के लिए आजमगढ़ में अपना नया आवास बनाया है, जिसे पीडीए के नाम पर रखा गया है. अखिलेश अपने इस नए आवासीय कार्यालय से पार्टी की राजनीति गतिविधियों के साथ समाजवाद की नई पौध तैयार करने की स्ट्रेटेजी बनाई है.
आजमगढ़ जिले के अनवरगंज में बनकर तैयार हुए सपा के आवासीय कार्यालय का गुरुवार को उद्घाटन हो गया है. साढ़े तीन बीघे जमीन में बना भव्य दफ्तर तमाम आधुनिक सुविधाओं से लैस है. इसे मॉड्यूलर तरीके से डिजाइन किया गया है, जिसमें दो फ्लोर हैं. ग्राउंड फ्लोर पर ऑफिस और मीटिंग हॉल और फर्स्ट फ्लोर पर रहने की जगह है. अखिलेश ने कहा कि यह नव-निर्मित दफ्तर ‘PDA भवन’ कहलाएगा, जिससे साफ है कि 2026 में यह पूर्वांचल में सपा की सियासत का केंद्र होगा.
